नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी, पटना। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी अभियान बसेरा 2.0 के तहत भूमिहीनों को अपना आशियाना देने की कवायद तेज हो गई है। इसी के तहत मसौढ़ी अंचल कार्यालय में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जहां भूमिहीन पात्र परिवारों से जमीन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। शिविर में सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में भूमिहीन परिवारों की भीड़ जुट गई। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी अपने दस्तावेज लेकर कतार में खड़े दिखे।
मौके पर पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी धनराज कुमार ने शिविर का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि एक भी भूमिहीन परिवार बेघर न रहे। अभियान बसेरा 2.0 के तहत प्रत्येक पात्र भूमिहीन परिवार को 3 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए अंचल स्तर पर विशेष कैंप लगाकर आवेदन लिए जा रहे हैं और उनके कागजातों की जांच की जा रही है।
अंचल अधिकारी ऋषिकेश कुमार ने बताया कि शिविर में आने वाले हर पात्र लाभुक का आवेदन स्वीकार किया जा रहा है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्रता सूची तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी, जिसके बाद जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।
शिविर में लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर भी बनाए गए थे। लाभुकों में सरकार की इस पहल को लेकर काफी खुशी और उत्साह देखा गया। कई लाभुकों ने कहा कि वर्षों से भूमिहीन होने के कारण झोपड़ी में रह रहे हैं, अब पक्की जमीन मिलने की उम्मीद जगी है।