नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सारण। सारण के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के छोटा ब्रह्मपुर मोहल्ले में जो कुछ हुआ, उसने पड़ोसियों के रिश्ते को तार-तार कर दिया। भगवान बाजार थाना क्षेत्र में पड़ोसी ने चाकू मारकर पिता-पुत्र को घायल कर दिया है। जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है। घर की साफ-सफाई में जुटे पिता जयप्रकाश गुप्ता और उनके बेटे अमित पर पड़ोसी ने चाकू मारकर अचानक हुए जानलेवा हमले से इलाके में डर का माहौल है। गंभीर हालत में पटना रेफर किए गए दोनों घायलों के परिजन अब बस उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छोटा ब्रह्मपुर मोहल्ला निवासी जयप्रकाश गुप्ता और उसका पुत्र अमित कुमार गुप्ता घर की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने घर पर चढ़ कर विवाद करना शुरू कर दिया। जिसका विरोध करने पर उन्होंने चाकू मारकर पिता-पुत्र को घायल कर दिया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया। सदर अस्पताल में बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मुकम्मल धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
छपरा की ताजा घटना फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर क्यों आपसी सहनशीलता खत्म होती जा रही है। घर की साफ-सफाई जैसी सामान्य बात पर बात इतनी बढ़ जाना कि जान लेने की नीयत से चाकू चल जाए, यह सिर्फ एक कानूनी अपराध नहीं बल्कि सामाजिक पतन का संकेत है।