मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को, 4 लाख लोगों के भोज और भव्य तैयारियों की चर्चा
बेताब अहमद
पटना/मोकामा। निमंत्रण सिर्फ कार्ड नहीं, खुलेआम बुलावा है! ‘छोटे सरकार’ यानी विधायक अनंत सिंह के घर बेटी की शादी हो और जलवा शाही न हो, ऐसा कैसे हो सकता है? 4 लाख मेहमानों के खाने का इंतजाम, जयपुर की थीम पर विशाल पंडाल और देश के प्रधानमंत्री से लेकर सिनेमा जगत के बड़े सितारों तक को बुलावा। राजनीति हो या सामाजिक दबदबा अनंत सिंह ने इस शादी के कार्ड के जरिए एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि महफिल जब उनकी सजेगी, तो नजरें उसी तरफ टिकेंगी। मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी के विवाह समारोह के माध्यम से राजनीतिक संवाद की नई पहल की है। राजनीति की सरहदें चाहे जो हों, पर बेटी के पावन विवाह के इस पारंपरिक अवसर पर उन्होंने जात-पात और पक्ष-विपक्ष के भेदों से परे हटकर हर अपने-पराए को इस खुशी में शामिल होने का खुला न्योता दिया है।

मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी के विवाह समारोह के बहाने एक तरफ जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करने की बात कही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव सहित पक्ष-विपक्ष के तमाम दिग्गजों को न्योता देकर राजनीतिक दूरियों को पाटने की कोशिश की है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को कार्ड सौंपकर उन्होंने इसकी शुरुआत भी कर दी है। जानकारों का मानना है कि यह आयोजन राजनीतिक मंच से इतर सामाजिक सद्भाव और शक्ति प्रदर्शन दोनों का मिला-जुला रूप हो सकता है।

मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को होनी तय हुई है। इस आयोजन को लेकर उनके पैतृक गांव में भव्य तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह ने दिल खोलकर न सिर्फ नेताओं और करीबियों को न्योता दिया है, बल्कि यह संदेश दिया है कि इस खुशियों के पल में जाति, धर्म या सरहदों का कोई बंधन नहीं है। शादी के मंडप से लेकर मेहमानों के स्वागत, भव्य भोज 150+ व्यंजन और लोक/बॉलीवुड कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां इस समारोह को बिहार के चर्चित आयोजनों में शुमार कर रही हैं। इस विशाल समारोह में करीब 4 लाख लोगों के खाने-पीने का इंतजाम किया जा रहा है। इसके अलावा सोनू सूद, मनोज तिवारी और पवन सिंह सहित करीब 36 बॉलीवुड व भोजपुरी कलाकारों के भी शामिल होने की संभावना है।
इसे राजनीतिक सद्भाव कहें या फिर ‘छोटे सरकार’ का ताकत दिखाने का नया पैंतरा! अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी के बहाने सत्ता और विपक्ष दोनों को एक ही छतरी के नीचे लाने की बिसात बिछा दी है। पीएम मोदी से लेकर लालू-नीतीश तक को न्योता देना क्या वाकई रिश्तों की बर्फ पिघलाना है, या फिर आने वाले राजनीतिक संकट के बीच अपनी धमक बनाए रखने की एक सोची-समझी कूटनीति? विधानसभा अध्यक्ष को सबसे पहले कार्ड सौंपकर उन्होंने साफ कर दिया है कि कार्ड भले ही शादी का हो, लेकिन संदेश सियासी गलियारों तक पूरी धमक के साथ पहुंच चुका है। 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होने वाले इस विवाह समारोह को जहां उनके समर्थक सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं राजनीतिक हलकों में इसे व्यापक जन-संपर्क और शक्ति-प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।