नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। इमामगंज थाना क्षेत्र के झिकटिया गांव के समीप रविवार को एसएच-69 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मुर्गियों से लदी अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे मौजूद आठ वर्षीय मासूम को रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान झिकटिया गांव निवासी मिंटू पासवान के पुत्र शाहिल कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, पिकअप इमामगंज से डुमरिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क किनारे चढ़कर बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा। आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर माध्यमिक विद्यालय मैगरा के पास पिकअप को पकड़ लिया। चालक और उपचालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर डुमरिया-पटना हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर सीओ सुकेश कुमार और थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों और स्थानीय बुद्धिजीवियों के समझाने पर जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप जब्त कर ली गई है और चालक को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।