नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हजारीबाग। हजारीबाग की दनुआ घाटी में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। अटका-बगोदर से अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे यात्रियों के वाहन को पीछे से एक तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, बगोदर प्रखंड के अटका गांव से लगभग 20 लोग सवारी गाड़ी पर सवार होकर शव जलाने के लिए बनारस जा रहे थे। दनुआ घाटी के महानेटांड़ कट के समीप वाहन के उपर रखा शव का रस्सी ढीला हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन सड़क पर खड़ा कर यात्री रस्सी को ठीक करने में जुटे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी में बैठे लोग इसकी चपेट में आ गए। जिससे पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी सवारी गाड़ी से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। अटका-बगोदर से शव लेकर वाराणसी जा रहे एक सवारी वाहन को पीछे से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि घटना के बाद चौपारण पुलिस टीम और उन्होंने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है, जांच चल रही है। दुर्घटना काफी दर्दनाक थी। थाना प्रभारी ने घटनास्थल पर ही पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। साथ ही यह भी कहा है कि घायलों में चार लोगों की स्थिति काफी नाजुक है, जिन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है।
क्या दनुआ घाटी अब ‘खूनी घाटी’ बन चुकी है? हजारीबाग के चौपारण में सोमवार को एक बार फिर प्रशासन और यातायात व्यवस्था की नाकामी ने 5 जिंदगियां निगल लीं। अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे सवारी वाहन को पीछे से टक्कर मारने वाली अनियंत्रित गाड़ी ने सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। हादसे के बाद मची चीख-पुकार और अस्पताल में संसाधनों की कमी के बीच यह बड़ा सवाल फिर खड़ा हो गया है कि ऐसी जानलेवा दुर्घटनाओं पर लगाम कब लगेगी?