पशुपालकों ने गायों को नहलाकर लगाया तिलक, फूल-मालाओं से सजाया, भगवान श्रीकृष्ण को चढ़ाया गया छप्पन भोग
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दीपावली के बाद मसौढ़ी, धनरूआ सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सुबह से ही गांवों में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। पशुपालकों ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर गायों को नहलाया और विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना की। गायों को तिलक लगाया गया तथा फूल-मालाओं से सजाकर खीर, दाल-पूड़ी, गुड़ और हरा चारा खिलाया गया। इस दौरान अन्नकूट महोत्सव भी मनाया गया।
अन्नकूट का अर्थ अन्न का पहाड़ होता है। इस दिन घरों और मंदिरों में विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार कर गोवर्धन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया जाता है। इसी परंपरा के कारण गोवर्धन पूजा को अन्नकूट महोत्सव भी कहा जाता है।
मसौढ़ी के श्याम नगर निवासी उतलेश कुमार ने बताया कि गोवर्धन पूजा के पीछे द्वापर युग की प्रसिद्ध पौराणिक कथा जुड़ी हुई है। मान्यता है कि ब्रजवासी प्रतिवर्ष वर्षा के देवता इंद्र की पूजा करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि प्रकृति, गोवर्धन पर्वत, जंगल, नदी और गायों का संरक्षण जीवन एवं कृषि के लिए अधिक महत्वपूर्ण है। इसके बाद ब्रजवासियों ने इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा की।
इससे क्रोधित होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों, गायों और बछड़ों को उसके नीचे आश्रय दिया। सात दिनों तक पर्वत उठाए रखने के बाद इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी।
इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में आज भी श्रद्धालु गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा करते हैं तथा भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित करते हैं।
नवल भारती और डॉ. रामजयपाल ने बताया कि हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन भी गौसेवा और गौपालन से जुड़ा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार गायों में देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए गोवर्धन पूजा के दिन गायों के साथ-साथ गौपालकों का भी सम्मान किया जाता है। यह पर्व प्रकृति, पशुधन और कृषि के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का संदेश देता है।