मसौढ़ी में दिवाली की रात दो जगह लगी आग, बड़ा हादसा टला
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दीपावली की देर शाम मसौढ़ी में दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना कर्पूरी चौक स्थित आदित्य विजन शोरूम की ऊपरी बिल्डिंग में हुई, जबकि दूसरी घटना चूड़ी मार्केट के पीछे कूड़े के ढेर में लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात कर्पूरी चौक पर काफी चहल-पहल थी। लोग पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान अचानक आदित्य विजन शोरूम की ऊपरी बिल्डिंग से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। इसके बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
आग लगने की खबर मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम कर्पूरी चौक पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग नीचे स्थित शोरूम तक नहीं पहुंची, अन्यथा लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान को नुकसान हो सकता था। घटना के समय ऊपरी बिल्डिंग में कोई मौजूद नहीं था। हालांकि, आग से भवन के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है।
इसी बीच चूड़ी मार्केट के पीछे भी आग लगने की सूचना मिली। दमकल की टीम ने वहां पहुंचकर कूड़े के ढेर में लगी आग को बुझा दिया।
अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि आदित्य विजन शोरूम की ऊपरी बिल्डिंग में कूट और कचरे में आग लगी थी, जबकि चूड़ी मार्केट के पीछे कूड़े के ढेर में आग लगी थी। दोनों स्थानों पर समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे किसी प्रकार की बड़ी क्षति नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली की रात कर्पूरी चौक पर काफी भीड़ थी। ऐसे में यदि दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी। आग पर काबू पाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।