औंटा में गंगा की मुख्य धारा में अर्घ्य देने पर रहेगी रोक, अधिकारियों ने किया घाटों का निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को एसडीओ कृष्णा जोशी और बाढ़ एसडीपीओ राम कृष्णा ने मोकामा प्रखंड एवं नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
मोकामा नगर परिषद क्षेत्र के कुल 32 घाटों में से 21 घाटों पर नगर परिषद की ओर से कृत्रिम तालाबों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, कुछ घाटों पर गंगा की मुख्य धारा में अर्घ्य देने पर प्रतिबंध रहेगा। नगर कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार रजक और सभापति नीलेश कुमार घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
इधर, प्रखंड के औंटा गांव में गंगा नदी के सभी घाटों को खतरनाक घोषित किया गया है। यहां छठ पूजा के दौरान गंगा के मुख्य चैनल में श्रद्धालुओं के अर्घ्य देने पर पूरी तरह रोक रहेगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीडीओ रवि कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार को जल्द से जल्द कृत्रिम तालाब तैयार कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें।
निरीक्षण के दौरान सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार, मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
दीपावली के बाद कार्तिक मास में गंगा स्नान को लेकर हाथीदह से मरांची तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को कार्तिक अमावस्या के अवसर पर दुखहरण बाबा गंगा घाट (हाथीदह) और त्यागी बाबा गंगा घाट (मरांची) पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालु पहुंचे। जमुई, लखीसराय, शेखपुरा समेत बिहार के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
हाथीदह गंगा घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया। वहीं, कई श्रद्धालु रेलवे पुल पार कर सिमरिया धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ का असर हाथीदह रेलवे जंक्शन पर भी देखने को मिला। स्टेशन से लेकर गंगा घाटों तक दिनभर चहल-पहल बनी रही।
भीड़ को देखते हुए हाथीदह और मरांची थाना पुलिस के साथ आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान भी मुस्तैद रहे। प्रशासन की ओर से छठ पर्व को लेकर घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वैकल्पिक अर्घ्य स्थलों को तैयार करने की कवायद जारी है।