SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, जांच में जुटी औद्योगिक थाना पुलिस
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। हाजीपुर के राजपूत कॉलोनी निवासी राकेश चौहान ने अपनी पत्नी नीलू सिंह के सिर में पिस्टल से गोली मार दी। सिर में गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जिस घर में दीपावली का जश्न मनना था, वहां चीख-पुकार और मातम पसर गया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हाजीपुर SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
SDPO सुबोध कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का लग रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे राजपूत कॉलोनी इलाके में सनसनी फैली हुई है।