नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा द्वारा आगामी देव कार्तिक छठ मेला-2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देव सूर्य मंदिर परिसर, सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने देव सूर्य मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार एवं निकास द्वार सहित मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास के लिए निर्धारित मार्गों को सुव्यवस्थित रखने, भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने तथा प्रवेश एवं निकास के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होने देने हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर एवं उसके आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सुरक्षा जांच तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था समय से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके उपरांत सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड का निरीक्षण करते हुए दोनों तालाबों की साफ-सफाई, जल की स्वच्छता, घाटों की स्थिति तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों कुंडों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं के स्नान एवं पूजा-अर्चना के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक गेट पर प्रवेश एवं निकास की स्पष्ट व्यवस्था रहे, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित एवं सुगम बनी रहे। भीड़ के एक साथ एकत्रित होने की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी भीड़ प्रबंधन, आवश्यक बैरिकेडिंग तथा पुलिस पदाधिकारियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल एवं संबंधित कर्मियों को पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने मंदिर परिसर, कुंडों एवं मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान देव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं व्रतियों का आगमन होता है। ऐसे में मंदिर एवं कुंड परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारी को तैयारियों को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि देव कार्तिक छठ मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
उक्त निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।