नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। देशभर में बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ परंपरागत तरीके से मनाया गया। पटना से सटे मसौढ़ी में भी सुबह से ही महिलाओं में काफी उत्साह दिखा। ठाकुरबाड़ी मंदिर, मनीचक मंदिर, संगत, पुरानी बाजार, कालूचक सहित कई जगहों पर यह पर्व धूमधाम से मनाया गया।भाइयों की लंबी उम्र की कामना को लेकर ग्रामीण इलाकों में खास उत्साह देखने को मिला। बहनों ने गाय के गोबर से तरह-तरह की आकृति बनाकर भाई के नाम पर गोधन कूटा और दुश्मनों से रक्षा करने की भगवान से प्रार्थना की। भाई दूज के दिन घर पर भाई के आगमन के साथ ही बहनों ने ईश्वर से उनके दीर्घायु होने की कामना की। इसके बाद तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी। यम के द्वार को कूटते हुए बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की।
अनोखी परंपरा : पहले श्राप, फिर प्रायश्चित
इस पर्व की सबसे अनोखी परंपरा को निभाते हुए बहनों ने पहले भाइयों को मरने का श्राप दिया, उसके बाद प्रायश्चित करते हुए अपनी जीभ पर कांटा चुभाया और फिर गौधन कूटा। जिसके बाद अपने सामर्थ्य के हिसाब से भाइयों ने भी बहनों को अनुपम उपहार भेंट किया। बहनों ने भाई दूज के दिन उपवास रखकर यमराज की पूजा की। इस दौरान बहनों ने यमराज का आह्वान कर अपने भाई की उम्र दीर्घायु करने की प्रार्थना की। बता दें कि भैया दूज प्रेम, आस्था, विश्वास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति की धरोहर माना जाता है। अपने भाई को यम के त्रास से मुक्ति दिलाने के लिए इसे सबसे उपयुक्त पर्व माना जाता है।
भैया दूज की पौराणिक मान्यता
भैया दूज के पीछे कई पौराणिक कथाएं हैं। इसको लेकर श्री राम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर के मुख्य पुजारी गोपाल पांडे बताते हैं कि एक दिन यमराज अपनी बहन की नाराजगी को दूर करने के लिए उनसे मिलने उनके घर पर पहुंचे। भाई को आते देख यमुना को बहुत खुशी हुई, उसने भाई को तरह-तरह का स्वादिष्ट व्यंजन खिलाकर खूब सत्कार किया। बहन के सत्कार से यमराज खुश हो गए। यमराज जब अपनी बहन यमुना से विदा लेने लगे तब उन्होंने उससे वरदान मांगने को कहा। उनकी आग्रह को देखते हुए यमुना ने कहा कि अगर आप मुझे वरदान देना चाहते हैं तो यही वरदान दीजिए कि आज के दिन हर साल आप मेरे यहां घर पर आएंगे। बस तभी से हर साल भैया दूज का त्यौहार मनाया जाने लगा। और इसलिए भैया दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है।