नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार को एक विकसित और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में पूर्व विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को 10 सूत्रीय सुझाव पत्र सौंपा है। इस प्रस्ताव में तमिलनाडु की तर्ज पर विशेषज्ञ समिति के गठन, प्रायोरिटी सेक्टर Lending (PSL) में सुधार और कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड को 300 करोड़ से बढ़ाकर 4,000 करोड़ रुपये तक ले जाने जैसे दूरदर्शी सुझाव दिए गए हैं। इसके अलावा पशुपालन और नस्ल सुधार पर भी जोर दिया गया है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। राज्य के आंतरिक वित्तीय संसाधनों की समीक्षा और आर्थिक ढांचे को सुधारने के लिए नीतिगत बदलावों की मांग उठी है। पूर्व एमएलसी सर्वेश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री को दिए गए 10 सूत्रीय पत्र में इस बात पर चिंता जताई गई है कि देश के विशाल CSR फंड में बिहार की हिस्सेदारी अभी बेहद कम (200-300 करोड़) है। जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLBC) के जरिए छोटे उद्योगों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने और कृषि-पशुपालन के आधुनिकीकरण से राज्य में दीर्घकालिक बदलाव आ सकते हैं। इसमें शिक्षा, रोजगार, उद्योग, सौर ऊर्जा और पर्यटन के साथ-साथ वित्तीय संसाधनों की समीक्षा की मांग की गई है।
पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में नस्ल सुधार की दिशा में बेहतर गुणवत्ता वाले सीमेन की उपलब्धता बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। इसके तहत इसकी उपलब्धता मौजूदा 50 हजार से बढ़ाकर एक करोड़ करने की मांग की गयी है। इससे पशुपालकों और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद जतायी गयी है। उद्यमियों और युवाओं की सहायता के लिए जिला स्तर पर एकल खिड़की सहायता केंद्र यानी सिंगल विंडो सिस्टम बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके साथ ही कुशल उद्यमियों को दी जाने वाली पांच लाख रुपये की सब्सिडी का सही मूल्यांकन करने की सिफारिश की गयी है, ताकि सरकारी सहायता का लाभ जरूरतमंद और योग्य लोगों तक पहुंच सके। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बिहार में सौर पंपों की संख्या बढ़ाने की जरूरत बतायी गयी है।
सुझाव पत्र के अनुसार, राज्य में सौर पंपों की संख्या 30 हजार से कम है। इसे बढ़ाने के साथ ही रूफटॉप सोलर योजना पर भी विशेष ध्यान देने का आग्रह किया गया है। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए राज्य के 42 हजार स्कूलों में मेधा उत्सव आयोजित करने का सुझाव दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक स्कूल से पांचवीं कक्षा के पांच-पांच विद्यार्थियों का चयन कर हर साल दो दिसंबर को कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव है। दो दिसंबर को डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती होती है। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिभा और प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है। प्रवासी रोजगार और कौशल विकास को लेकर विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके लिए विदेश मंत्रालय में पंजीकृत एजेंसियों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने और राज्य के 100 आईटीआई केंद्रों के जरिए विशेष प्रशिक्षण देने की बात कही गयी है। बिहार में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य के पर्यटन स्थलों का वैश्विक स्तर पर प्रचार करने का सुझाव दिया गया है। इसके साथ ही जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, वियतनाम और थाईलैंड जैसे बौद्ध बहुल देशों के विदेशी टूर ऑपरेटरों के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक विदेशी पर्यटक बिहार के पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकें। पत्र के अंत में सर्वेश कुमार ने उम्मीद जतायी है कि इन सुझावों पर अमल करने से विकसित बिहार का सपना जल्द साकार हो सकेगा। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार के कुशल नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। इसी गति को और तेज करने के लिए उन्होंने विशेषज्ञ समिति के गठन सहित कई नीतिगत बदलावों की वकालत की है।