नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
दरभंगा। बिहार के दरभंगा में अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल है. चारों दोस्त एक ही टीवीएस गाड़ी पर सवार थे. हादसा मब्बी थाना क्षेत्र में बाजार समिति-27 के पास हुआ. घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है. वहीं, बाकरगंज मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक चारों किशोर दरभंगा शहर के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला, वार्ड नंबर 39 के रहने वाले थे. मोहल्ले की एक मस्जिद में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान चारों दोस्त रात करीब 3 बजे घर से निकले थे. उन्होंने अपने परिवार वालों को बताया था कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे हैं. लेकिन घर से निकलने के बाद चारों TVS गाड़ी लेकर हाईवे की ओर चले गए. बताया जा रहा है कि अहले सुबह करीब 4 बजे बाजार समिति-27 के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. हादसा इतना गंभीर था कि इसमें तीन किशोरों की जान चली गई. हालांकि, दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकीजानकारी अभी सामने नहीं आई है.
इस हादसे में 15 वर्षीय फारिश, 15 वर्षीय मोहम्मद इस्तेखार और 16 वर्षीय अल्ताफ नियाज की मौत हो गई. वहीं, 16 वर्षीय मोहम्मद तल्फ गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों के मुताबिक, उनकी हालत बेहद नाजुक है और वह कोमा में हैं. हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल और घटनास्थल की ओर दौड़े. जिन घरों में कुछ घंटे पहले तक बच्चों की मौजूदगी थी, वहां अब चीख-पुकार मची है. तीन किशोरों की मौत से पूरे इलाके के लोग सदमे में हैं.
एक ही मोहल्ले के तीन परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया है. बाकरगंज के मोमिन टोला में हर तरफ गम का माहौल है. लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि कुछ घंटे पहले घर से निकले चार दोस्तों में से तीन अब इस दुनिया में नहीं रहे. वहीं, चौथे दोस्त की जिंदगी बचाने के लिए अस्पताल में इलाज चल रहा है.