नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चर्चा को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने ओछी टिप्पणी करार दिया है। पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने नीतीश कुमार के राजनीतिक योगदान और उनके लंबे सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके बारे में ओछी और हल्की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
क्यों छोड़ना पड़ा एलायंस, यह क्यों नहीं बताया?
संजय झा ने कांग्रेस से सवाल किया कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन इंडिया गठबंधन छोड़ना पड़ा? संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार का करीब 50 वर्षों का सार्वजनिक जीवन रहा है। इमरजेंसी के दौरान वह इसी कांग्रेस की वजह से दो साल तक जेल में रहे थे। उन्होंने कहा कि आज बिहार में जो बदलाव दिखाई दे रहा है, उसमें नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है। ऐसे नेता के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और राज्य के लिए समर्पित किया है।
इंडिया गठबंधन की नींव नीतीश कुमार ने रखी थी
जदयू नेता ने कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया की नींव नीतीश कुमार ने रखी थी। वह पूरे देश में घूम-घूमकर विपक्षी दलों के नेताओं को एकजुट करने में लगे थे। गठबंधन की पहली बैठक भी पटना में हुई थी। संजय झा के अनुसार, नीतीश कुमार ने अपनी पहल पर विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जिन नेताओं से बातचीत की थी, उनमें से कई ने कांग्रेस को छोड़कर विपक्षी गठबंधन बनाने की सलाह दी थी। इसके बावजूद नीतीश कुमार ने कांग्रेस को साथ रखा और गठबंधन बनाने में उसकी भूमिका को महत्व दिया। संजय झा ने दावा किया कि कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक में उसके वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी कहा था कि नीतीश कुमार को रोकना चाहिए था।
कांग्रेस पर लगाया व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का आरोप
संजय झा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन में कोई स्पष्ट नीति और विचारधारा आधारित साझा उद्देश्य नहीं था। उनके मुताबिक, गठबंधन की बैठकों में देश के विकास और आगे की रणनीति पर चर्चा के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने पर अधिक जोर रहता था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने महसूस किया कि गठबंधन में देश के लिए कोई ठोस उद्देश्य नहीं है। वहां व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं हावी थीं। संजय झा ने कांग्रेस से यह भी पूछा कि जब नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए इतनी मेहनत की थी, तो आखिर ऐसी क्या स्थिति बनी कि उन्हें गठबंधन से अलग होना पड़ा? यह भी तो बताना चाहिए।
एनडीए की एकजुटता पर भी दिया जवाब
बिहार में एनडीए की एकजुटता को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय कुमार झा ने कहा कि गठबंधन में चट्टानी एकता है। उन्होंने कहा कि एनडीए ने वर्ष 2024 और 2025 के दोनों चुनाव एकजुट होकर लड़े और उनके परिणाम सामने हैं। उन्होंने कहा कि अब पूरा गठबंधन एकजुट होकर काम करेगा। राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाया जाएगा।