ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की हुई पुष्टि, पुलिस ने दोनों आरोपितों को भेजा न्यायिक हिरासत में
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। हाथीदह थाना क्षेत्र के दरियापुर के पास मंगलवार देर रात कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत दो लोग जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कार सवार दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायलों की पहचान मोकामा निवासी ई-रिक्शा चालक प्रह्लाद यादव और ई-रिक्शा पर सवार हाथीदह निवासी रमेश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही हाथीदह पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति सामान्य है।
हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया था। उनकी पहचान बेगूसराय जिले के गांधी नगर निवासी अशोक चौधरी के पुत्र विकास कुमार तथा उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी मोहम्मद हबीब के पुत्र अफसार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक शराब के नशे में थे। ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराने पर शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।