भगवान चित्रगुप्त का दर्शन करने पहुंचे पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के कर्मा रोड स्थित चित्रगुप्त सभागार सह लोकनायक जयप्रकाश नारायण सांस्कृतिक भवन में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की औरंगाबाद जिला इकाई की ओर से आयोजित श्री श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव के अवसर पर भगवान चित्रगुप्त के दर्शन करने औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे। इस दौरान सभी ने लेखनी, ज्ञान और बुद्धि के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त ज्ञान, विवेक और लेखनी के प्रतीक हैं। उनकी पूजा हमें अपने कर्मों के प्रति जिम्मेदार रहने और सदैव सत्य एवं न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। चित्रगुप्त पूजा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की।
महोत्सव में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके सिंह, डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद, डॉ अनिल कुमार सिन्हा, डॉ शीला वर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामानुज पांडेय, कृष्णबल्लभ सिंह उर्फ बबुआ जी, लोक अभियोजक अजय कुमार संतोष, पूर्व प्राचार्या नीलम रानी, रेडक्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष उपेन्द्र यादव, वरिष्ठ पत्रकार श्रीराम अम्बष्ठ, रविन्द्र कुमार रवि, संजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
जीकेसी के अध्यक्ष कमल किशोर और महासचिव अजय वर्मा ने पूर्व सांसद का स्वागत किया।
वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न महाआरती में श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की कामना की। पूजा महोत्सव में बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के लोगों के साथ अन्य वर्गों के श्रद्धालुओं की भी सहभागिता रही।
इस अवसर पर सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।