छठ महापर्व को लेकर मसौढ़ी बाजार में बढ़ी सूप और टोकरी की मांग, खरीदारी में जुटे श्रद्धालु, प्रकृति, शुद्धता और परंपरा का अनूठा संगम है बांस के सूप का महत्व
शशि तुलस्यान
मसौढ़ी। लोक आस्था का महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। पर्व की तिथि नजदीक आते ही मसौढ़ी बाजार में छठ की रौनक बढ़ने लगी है। बाजार में पूजा सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। खासकर बांस से बने सूप और टोकरी की मांग में तेजी आई है। छठ पूजा में बांस के सूप और टोकरी का विशेष महत्व है। इनके बिना सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा अधूरी मानी जाती है।
गीता प्रवाचक आचार्य विसर्जन ने बताया कि छठ पर्व आस्था, भक्ति और शुद्धता का अद्भुत संगम है। इस महापर्व में हर छोटी-बड़ी परंपरा का विशेष महत्व है। बांस को वंश वृद्धि और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि छठ पूजा में बांस से बने सूप और टोकरी का ही प्रयोग किया जाता है।
वहीं सोनी कुमारी ने बताया कि छठ पर्व में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। बांस से बने सूप और टोकरी केवल फल रखने का साधन नहीं हैं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक हैं। बांस प्रकृति से जुड़ा हुआ है और इसका उपयोग पर्यावरण के अनुकूल भी है।
छात्रा सोनम सिंह ने कहा कि बांस एक प्राकृतिक पौधा है, जो तेजी से विकसित होता है। इसे वंश वृद्धि का प्रतीक माना जाता है। बिहार में छठ को महापर्व की संज्ञा इसलिए दी गई है, क्योंकि इसमें सूर्य उपासना के साथ प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और पारिवारिक एकता का संदेश भी समाहित है।
शिक्षाविद राहुल चंद्रा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बांस को पवित्र माना जाता है। व्रती बांस के सूप में ठेकुआ, फल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। इसके माध्यम से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और वंश वृद्धि की मंगलकामना की जाती है।
छठ महापर्व को लेकर मसौढ़ी बाजार में छोटे से लेकर बड़े आकार तक की बांस की टोकरियों और सूप की मांग बढ़ गई है। महिलाएं नए सूप और टोकरी खरीदकर उन्हें सजाने में जुट गई हैं। ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। बाजार में बढ़ती चहल-पहल से पर्व का उत्साह साफ दिखाई देने लगा है।
इस अवसर पर डॉ. रामजपाल, नवल भारती, डॉ. सुधीर सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।