कॉम्फेड की ओर से दो दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित, पशुपालन, दुग्ध प्रसंस्करण और सुधा बूथ संचालन की दी गई जानकारी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। उपकारा मसौढ़ी में बंद बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) की ओर से 9 और 10 नवंबर 2026 को दो दिवसीय डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चयनित बंदियों को पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, दुग्ध प्रसंस्करण और सहकारी समिति प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसका उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण के पहले दिन भारत सरकार और बिहार सरकार की ओर से पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र से संबंधित संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही डेयरी फार्मिंग की बारीकियों, दूध के प्रसंस्करण और विभिन्न दुग्ध उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया समझाई गई।
दूसरे दिन प्रखंड और ग्रामीण स्तर पर सुधा बूथ की स्थापना, दुधारू पशुओं के बेहतर प्रबंधन तथा गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध दुग्ध उत्पादन के तरीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार, सहायक दुग्ध संग्रहण पदाधिकारी शमीम अख्तर और सहायक प्रबंधक डेयरी सुनील कुमार ने प्रशिक्षक के रूप में बंदियों को प्रशिक्षित किया।
जेल उपाधीक्षक गौतम कुमार ने कहा कि जेल प्रशासन का उद्देश्य केवल बंदियों को सजा दिलाना नहीं, बल्कि उनमें सुधार लाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। डेयरी फार्मिंग ऐसा व्यवसाय है, जिसे बंदी रिहाई के बाद गांव में ही कम पूंजी के साथ शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें सरकारी योजनाओं, पशुपालन, दूध उत्पादन और सुधा बूथ संचालन के जरिए रोजगार प्राप्त करने की संभावनाओं से अवगत कराया गया है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जेल में इस तरह के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बंदी जेल से बाहर निकलने के बाद अपराध की दुनिया से दूर रहकर सम्मानजनक और स्वावलंबी जीवन जी सकें।
प्रशिक्षण के समापन पर बंदियों ने विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। यह पहल बंदियों के पुनर्वास और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।