सड़क पार करने के दौरान झूलते बिजली तारों से टकराया हाथी, वन विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। खूंटी जिले के रनिया में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक विशालकाय जंगली हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रनिया-सोदे मुख्य सड़क की है। बताया जा रहा है कि सड़क पार करने के दौरान हाथी ऊपर से गुजर रहे तीन झूलते बिजली तारों के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। सड़क किनारे झाड़ियों में एक विशालकाय जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हाथी का शव देखकर आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी कोयल नदी की ओर से आ रहा था। इसी दौरान वह रनिया-सोदे मुख्य सड़क पार कर रहा था। सड़क के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तीन झूलते बिजली तारों के संपर्क में आने से उसे जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और रनिया पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की जा रही है।

हाथी की मौत के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और बिजली तारों के रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों से फसलों और घरों की सुरक्षा के नाम पर कुछ गांवों में अवैध रूप से बिजली के तार लगाए जाने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में हाथी की मौत ने क्षेत्र में बिजली तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल वन विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।