नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
देवघर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को रांची में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में देवघर के आर मित्रा सीएम एसओई के चार छात्र सम्मानित होंगे. शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर इन विद्यार्थियों का चयन किया गया है. समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों चयनित छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जायेगा.
चयनित विद्यार्थियों में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा-2026 की एसओई रैंकिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अनीस कुमार और तृतीय स्थान हासिल करने वाले ऋषभ त्रिवेदी शामिल हैं. वहीं, झारखंड राज्य ओलंपियाड-2024 में प्रथम रैंक के साथ चयनित निशिकांत चौधरी और बिक्रम कुमार शर्मा को भी सम्मानित किया जायेगा.
इस संबंध में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं. निर्देश के अनुसार, चयनित विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करने और समारोह स्थल तक सुरक्षित लाने की जिम्मेदारी संबंधित जिले के पदाधिकारियों को सौंपी गयी है. साथ ही कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों को सुरक्षित वापस पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया है.