नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सिवान। जब विभाग का कोई अधिकारी ही खुद को उग्रवादी संगठन का ‘एरिया कमांडर’ बताकर अपने ही उच्चाधिकारी को धमकाने लगे, तो इसे क्या कहेंगे? सीवान में ऐसा ही नमूना देखने को मिला। सहायक अभियंता रफीक आलम ने सहकर्मी से ही एक करोड़ की रंगदारी मांग डाली। पुलिस की जांच में जब सच सामने आया, तो ‘एरिया कमांडर’ का चोला ओढ़े बाबूजी खुद हवालात की हवा खाने पहुंच गए। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को धमकी भरे पत्र के जरिए 1 करोड़ की रंगदारी मांगने की घटना ने प्रशासनिक तंत्र को चौंका दिया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस कृत्य में किसी बाहरी अपराधी का नहीं, बल्कि ग्रामीण कार्य विभाग के ही सहायक अभियंता रफीक आलम का हाथ पाया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने भले ही मामले का खुलासा कर दिया हो, लेकिन महकमे के भीतर पनप रही इस तरह की प्रवृत्तियों पर गंभीर आत्ममंथन की जरूरत है।
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी को एके-47 से उड़ाने की धमकी देकर एक करोड़ रुपये मांगने वाला कोई नक्सली नहीं, बल्कि उसी विभाग का सहायक अभियंता रफीक आलम निकला। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए आरोपी इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है।आरोप है कि उसने खुद को भाकपा (माले) के तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर बताकर विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी को डाक से धमकी भरा पत्र भेजा था। इसमें एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थ। रकम नहीं देने पर एके-47 से भूनने और जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मामला नगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-01 के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। उन्हें डाक से एक गुमनाम पत्र मिला था। पत्र में प्रेषक के रूप में मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड स्थित उनसर गांव के लोहा सिंह का पता लिखा था। पत्र भेजने वाले ने खुद को माले का एरिया कमांडर बताते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की थी। शिकायत के आधार पर नगर थाने में कांड संख्या 1065/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो विभाग के ही सहायक अभियंता रफीक आलम की संलिप्तता सामने आयी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
धमकी भरे पत्र में कार्यपालक अभियंता पर पांच से छह करोड़ रुपये की कथित अवैध कमाई करने का आरोप लगाया गया था। रंगदारी की रकम वसूलने के लिए 14 नवंबर को पटना के दानापुर स्टेशन के बाहर सगुना मोड़ की ओर जाने वाली सड़क पर रुपये से भरा बैग लेकर पहुंचने को कहा गया था। पत्र में दोपहर एक से तीन बजे के बीच रकम सौंपने का निर्देश दिया गया था। साथ ही पटना नंबर की काली स्कॉर्पियो और लाल गमछा लगाए व्यक्ति का जिक्र किया गया था। पुलिस के अनुसार, पत्र में रकम नहीं देने पर कार्यपालक अभियंता को एके-47 से भून देने की धमकी भी दी गई थी।
गिरफ्तार रफीक आलम कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के सराय फकड़ा का रहने वाला है। वह वर्तमान में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल सीवान-01 में सहायक अभियंता के पद पर तैनात था। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच में सामने आया कि कार्यपालक अभियंता को भेजा गया धमकी भरा पत्र रफीक आलम ने ही भेजा था और उसने खुद को माले का एरिया कमांडर बताकर रंगदारी मांगी थी। इस मामले की जांच और गिरफ्तारी में नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश पासवान, नगर थाना के अन्य कर्मियों और जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल रही. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।