नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी चौक के समीप गुरुवार को एनएच-27 किनारे झाड़ी में एक प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। मृतक की पहचान मैठी गांव निवासी शिवचरण राय के 55 वर्षीय पुत्र कमलेश राय के रूप में की गई है। उनके शरीर पर कई जगहों पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक के भाई विमलेश राय ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कमलेश राय टोल प्लाजा पर एक ट्रक को टोल मुक्त कराने गए थे। इसके बाद से वह लापता हो गए। परिजन रातभर उनकी खोजबीन करते रहे। इसी बीच गुरुवार सुबह घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर एनएच-27 किनारे झाड़ी में उनका शव मिला। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। भाई ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि करीब एक साल से कमलेश राय जमीन की खरीद-बिक्री का काम कर रहे थे।
इससे पहले वो ट्रक चालक थे। आशंका जताई जा रही है कि जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े किसी विवाद में उनकी हत्या की गई है। घटनास्थल पर अत्यधिक भीड़ जुटने के कारण मुजफ्फरपुर से दरभंगा जाने वाली लेन पर सुबह करीब 6:30 बजे से वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वन-वे व्यवस्था कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।