डायबिटीज से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव जरूरी : डॉ. एनके सिंह, 18 वर्ष की उम्र के बाद ब्लड शुगर जांच कराने की दी सलाह
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को रणधीर वर्मा चौक स्थित गांधी सेवा सदन में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और पैदल यात्रा का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को मधुमेह के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान स्कूली बच्चों ने जागरूकता पैदल यात्रा निकालकर आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एनके सिंह ने कहा कि मधुमेह से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जीवनशैली में सुधार करना है। उन्होंने बताया कि भारत में मधुमेह के लगभग 98 प्रतिशत मामले टाइप-2 श्रेणी के हैं, जिसका प्रमुख कारण गलत खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी है। नियमित व्यायाम और संतुलित आहार अपनाकर इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने लोगों को दिन की शुरुआत पौष्टिक नाश्ते से करने और पिज्जा, बर्गर, कुरकुरे तथा नूडल्स जैसे जंक फूड से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की उम्र के बाद प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक बार ब्लड शुगर की जांच जरूर करानी चाहिए, ताकि बीमारी की समय रहते पहचान हो सके।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि मधुमेह के शुरुआती चरण में जीवनशैली में बदलाव, संतुलित खान-पान और नियमित व्यायाम से शुगर नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। दवा की आवश्यकता मरीज की स्थिति और चिकित्सकीय सलाह के आधार पर तय होती है।इस अवसर पर बच्चों के साथ दौड़ का आयोजन किया गया। साथ ही रेसिस्टेंस एक्सरसाइज का प्रदर्शन कर लोगों को घर में उपलब्ध सामान्य वस्तुओं की मदद से नियमित व्यायाम करने के तरीके बताए गए।