बोकारो के विभिन्न छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद छठव्रतियों ने किया पारण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। बोकारो के विभिन्न छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। घाटों पर छठ गीतों की गूंज और भक्तिमय माहौल के बीच आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

दरअसल, छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन अहले सुबह से ही बोकारो के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रती और उनके परिजन पारंपरिक पूजा सामग्री के साथ घाटों पर पहुंचे। इसके बाद उदीयमान सूर्य की प्रतीक्षा की गई। भगवान भास्कर के दर्शन होते ही छठव्रतियों ने जल में खड़े होकर दूध और गंगाजल मिश्रित जल से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर पारंपरिक छठ गीत गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

अर्घ्य अर्पित करने के बाद छठव्रतियों ने विधिवत हवन किया और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन करते हुए व्रतियों ने पारण किया। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान के संपन्न होने के साथ ही बोकारो में छठ महापर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया।