अलर्ट आरपीएफ: गया से नाराज होकर निकली महिला का डेहरी स्टेशन पर रेस्क्यू, सकुशल घर भेजा
बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन/गया। कभी-कभी पारिवारिक नाराजगी इंसान को घर छोड़ने जैसे कदम उठाने पर मजबूर कर देती है, लेकिन डेहरी ऑन सोन आरपीएफ की समय पर की गई कार्रवाई ने एक परिवार को टूटने से बचा लिया। गया निवासी 50 वर्षीय शांति देवी घर से नाराज होकर दून एक्सप्रेस में सवार हो गई थीं। जैसे ही इस बात की भनक आरपीएफ को लगी, पूरी टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के डेहरी स्टेशन पर रुकते ही एस्कॉर्ट पार्टी एएसआई सुधीर कुमार सिंह और पोस्ट स्टाफ एसआई अमरजीत दास व महिला आरक्षी प्रीति कुमारी ने मिलकर महिला को सुरक्षित ट्रेन से उतारा और उन्हें ढांढस बंधाया।
सूचना मिली थी कि गया जिले के मुफसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बदहपुर भोरमिरगंज निवासी शांति देवी 50 वर्ष घर से नाराज होकर गाड़ी संख्या 13009 अप दून एक्सप्रेस से जा रही हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन के एस्कॉर्ट दल को सूचित किया गया। ट्रेन के डेहरी ऑन सोन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर पहुंचते ही उप निरीक्षक अमरजीत दास और महिला बल सदस्यों ने कोच में पहुंचकर एस्कॉर्ट इंचार्ज एएसआई सुधीर कुमार सिंह की मदद से महिला को उतारा।
महिला को आरपीएफ पोस्ट लाकर महिला आरक्षी प्रीति कुमारी की निगरानी में रखा गया और परिजनों को खबर दी गई। सूचना पाकर महिला के पुत्र नीरज कुमार गुप्ता 22 वर्ष पोस्ट पहुंचे। आवश्यक सत्यापन और कागजी कार्रवाई के बाद महिला को सकुशल उनके बेटे के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी मां को सुरक्षित देख बेटे की आंखें भर आईं। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मां को बेटे के साथ घर भेज दिया गया।
महिला ने बताया कि मन की किसी गहरी ठेस और पारिवारिक नाराजगी ने मुझे इस कदर तोड़ दिया था कि मैंने बिना कुछ सोचे-समझे अपना घर छोड़ने का फैसला कर लिया। गया के अपने गांव बदहपुर भोरमिरगंज की दहलीज पार करते हुए मेरे मन में बस यही चल रहा था कि अब कहीं दूर चली जाऊं, जहां कोई अपना न हो। इसी उधेड़बुन में मैं हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस में जा बैठी। ट्रेन की रफ्तार के साथ-साथ मेरे मन में कई सवाल और एक अनजान डर भी घर करने लगा था। इस उम्र में अकेले अनजान सफर पर निकलना आसान नहीं था, लेकिन गुस्से और दुख के आगे मुझे कुछ सूझ नहीं रहा था।