नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पहचान नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की जान बचाने और मानवता की मिसाल पेश करने का भी प्रतीक है। ऐसा ही एक सराहनीय और साहसिक कारनामा मसौढ़ी अनुमंडल अंतर्गत कादिरगंज थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाकर एक 12 वर्षीय बच्ची की जान बचा ली।
मिली जानकारी के अनुसार, कादिरगंज थाना क्षेत्र के डेमा गांव निवासी शिवु साव की लगभग 12 वर्षीय पुत्री रूपा कुमारी किसी कारणवश नदी में पहुंच गई और डूबने की स्थिति में आ गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद कादिरगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी पीएसआई अंकित कुमार यादव एवं एएसआई जयप्रकाश नारायण की नजर बच्ची पर पड़ी।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों पुलिस पदाधिकारियों ने एक पल की भी देरी नहीं की। वर्दी, टोपी और जूते पहने हुए ही नदी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिसकर्मियों की तत्परता और बहादुरी के कारण 12 वर्षीय रूपा कुमारी को सही-सलामत बचा लिया गया। इस साहसिक कार्य ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई करने के लिए ही नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है। कादिरगंज पुलिस के पीएसआई अंकित कुमार यादव और एएसआई जयप्रकाश नारायण की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। दोनों पुलिस पदाधिकारियों ने अपनी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है।