माटी की खुशबू ने खींचा मुंबई तक: जब सोनू सूद ने खुद को कहा ‘बिहारी’, तो छठी मैया की भक्ति में डूबीं तमन्ना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मुम्बई। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि एक ऐसी भावना है जो सात समंदर पार भी लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ देती है। महापर्व छठ के अवसर पर बॉलीवुड कलाकारों का बिहार की संस्कृति के प्रति विशेष जुड़ाव देखने को मिला है। बिहार की लोक आस्था और संस्कृति की जड़ें इतनी गहरी हैं कि सात समंदर पार हो या मुंबई की चकाचौंध, हर कोई इसके रंग में रंग ही जाता है। ताजा उदाहरण बॉलीवुड के दो दिग्गज सितारे सोनू सूद और तमन्ना भाटिया हैं, जिनका बिहार प्रेम इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। मुंबई के जुहू बीच पर छठ पूजा की रौनक के बीच बॉलीवुड का ‘बिहारी कनेक्शन’ जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है। एक तरफ सोनू सूद का देसी स्वैग है, तो दूसरी तरफ तमन्ना भाटिया की भक्ति—दोनों के वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहे हैं।
हिंदी सिनेमा और बिहार की संस्कृति का रिश्ता अब केवल फिल्मों की कहानियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सितारों की निजी जिंदगी और आस्था में भी झलकने लगा है। मुंबई में छठ पूजा के दौरान सामने आए सोनू सूद और तमन्ना भाटिया के हालिया वीडियो इसी सांस्कृतिक मेलजोल की खूबसूरत तस्वीर पेश करते हैं। पंजाब की मिट्टी में जन्मे सोनू सूद के दिल में बिहार के लिए एक खास कोना आज भी सुरक्षित है। अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए सोनू भावुक नजर आए। नागपुर में पढ़ाई के दौरान बिहारी दोस्तों के साथ बिताए पलों और हर मुश्किल में उनके साथ खड़े रहने के किस्से साझा करते हुए उन्होंने गर्व से कहा कि वे दिल से ‘बिहारी’ हैं। ‘एक बिहारी सौ पे भारी’ कहकर उन्होंने बिहारियों के जज्बे को सलाम किया।

दूसरी ओर, तमन्ना भाटिया पर छठी मैया की भक्ति का रंग कुछ यूं चढ़ा कि वे खुद को जुहू बीच के छठ उत्सव में जाने से रोक नहीं पाईं। फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की शूटिंग के दौरान बिहार की परंपराओं को करीब से जानने वाली तमन्ना के लिए यह केवल एक फिल्म का हिस्सा नहीं रहा, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव बन गया। श्रद्धालुओं के बीच जाकर और “छठी मैया की जय” लिखकर उन्होंने इस महापर्व के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धा प्रकट की।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए श्रद्धालुओं पर प्यार लुटाया और छठी मैया का आशीर्वाद मांगा। बता दें कि सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में काम करने के बाद से ही तमन्ना छठ की परंपराओं की फैन हो गई हैं। फिल्म के लिए उन्होंने खास तौर पर पटना और बिहार की छठ पूजा पर रिसर्च भी की थी। तमन्नाभाटिया ने सोशल मीडिया पर लिखा, “छठी मैया की कृपा बनी रहे! छठी मैया की जय!”