नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को मोकामा एवं घोसवरी प्रखंड में श्रद्धा, भक्ति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन किया। इस दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और छठी मइया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सुबह की पहली किरण के साथ ही गंगा घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। कई श्रद्धालु ढोल-बाजे और छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचे। व्रतियों ने गंगा की लहरों के बीच खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी प्रमुख गंगा घाटों पर नगर परिषद के कर्मियों, अंचलकर्मियों और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। घाटों पर नावों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही थी। वहीं, वाच टावरों पर तैनात अधिकारी एवं पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद रहे।
छठ महापर्व के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सेवा और सहयोग की मिसाल पेश की। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच चाय, पानी और बिस्कुट का वितरण किया गया। स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
गौरतलब है कि रविवार की शाम मोकामा के तपस्वी गंगा घाट सहित विभिन्न घाटों पर हजारों छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया था। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-01 रामकृष्णा एवं संबंधित थानाध्यक्ष ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया था।
प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से मोकामा एवं घोसवरी में छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया।