नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न होते ही सोमवार को मसौढ़ी में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के करीब ढाई घंटे बाद रेलवे गुमटी के पास भीषण जाम लग गया। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि 63250 डाउन मेमू ट्रेन को रेलवे फाटक से पहले करीब 10 मिनट तक रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रेलवे गुमटी के पूर्व की ओर जाने वाली सड़क पर ई-रिक्शा, टेंपो और बसों के बेतरतीब परिचालन एवं खड़े होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। गुमटी के दोनों तरफ वाहनों का दबाव बढ़ने से सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। वाहन रेंगते नजर आए, जबकि पैदल राहगीरों को भी रास्ता पार करने में काफी परेशानी हुई। छठ घाट से अर्घ्य देकर लौट रहे व्रती और श्रद्धालु भी जाम में फंस गए।
इस बीच रेलवे फाटक गिराने में भी परेशानी होने लगी। फाटक के पास वाहनों और लोगों की भारी भीड़ जमा होने के कारण 63250 डाउन मेमू ट्रेन को करीब 10 मिनट तक फाटक से पहले ही रोकना पड़ा। ट्रेन रुकने के बाद दो पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर रेलवे ट्रैक से लोगों को हटाया। इसके बाद रेलवे फाटक गिराया जा सका। हालांकि, इस दौरान एक मोटरसाइकिल रेलवे फाटक के अंदर ही फंस गई, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ महापर्व के बाद प्रत्येक वर्ष मसौढ़ी रेलवे गुमटी के पास इसी तरह जाम की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इससे निपटने के लिए अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत कर यातायात को सामान्य कराया।
छठ जैसे बड़े पर्व के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।