नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मधुमेह (डायबिटीज) से बचाव एवं इसके प्रभावी उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) की औरंगाबाद जिला इकाई की ओर से मंगलवार की सुबह जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित खान-पान रखने तथा नियमित व्यायाम और योग को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया गया।

पैदल मार्च शहर के सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क से शुरू होकर महाराणा प्रताप चौक पहुंचा। वहां से वापस पार्क लौटने के बाद यह एक सभा में तब्दील हो गया। मार्च का नेतृत्व आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. बीके सिंह ने किया। इस दौरान चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली, नियंत्रित खान-पान, मोटापे से बचाव, नियमित व्यायाम और योग के महत्व से संबंधित नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. बीके सिंह ने कहा कि जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव, संतुलित खान-पान और नियमित योग एवं व्यायाम को अपनाकर मधुमेह के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि डायबिटीज से बचाव और इसके बेहतर प्रबंधन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सजग एवं जागरूक रहने की आवश्यकता है। समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह भी बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शीला वर्मा, डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. मो. वकील अहमद, डॉ. अभय कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष उदय गुप्ता, संपादक कमल किशोर, अजय वर्मा, पूर्व प्राचार्य विजय कुमार सिंह सहित कई चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।