आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया कौआकोल बाजार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर कौआकोल दुर्गामंडप परिसर में स्थापित मां छठ एवं भगवान सूर्य की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। प्रतिमा के दर्शन और आकर्षक पूजा पंडाल को देखने के लिए सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चों की भीड़ उमड़ रही है।
मां छठ एवं भगवान सूर्य की आकर्षक प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में दुर्गामंडप पहुंच रहे हैं। पूजा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालु मां छठ और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा छठी मइया के जयकारों से माहौल गूंज रहा है।
वहीं, छठ महापर्व को लेकर कौआकोल बाजार की भी रौनक देखते ही बन रही है। बाजार की दुकानों और प्रमुख चौक-चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा बाजार जगमगा उठता है। सजावट के कारण बाजार का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दे रहा है।
छठ पर्व को लेकर बाजार में भी उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं की आवाजाही और आकर्षक सजावट ने कौआकोल को पूरी तरह भक्तिमय उत्सवी रंग में रंग दिया है।