बेताब अहमद
सासाराम। सनातन संस्कृति में गौ माता को देवतुल्य स्थान प्राप्त है, और इसी आस्था को जीवंत करते हुए कार्तिक शुक्ल अष्टमी के पावन अवसर पर सासाराम की ऐतिहासिक श्रीकृष्ण गौशाला में 17 और 18 नवंबर को 114वां वार्षिक समारोह एवं गोपाष्टमी महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। दो दिवसीय इस आध्यात्मिक महोत्सव को लेकर गौशाला प्रबंधन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। महोत्सव के प्रथम दिन मंगलवार को प्रातः काल से ही गौ-सेवा और धर्म का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से गौ-पूजन और गौ-भोजन के पवित्र अनुष्ठान के साथ होगा, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। धर्म के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना जगाने के उद्देश्य से पहले दिन शंकर राम कैमूरी के कवि समूह द्वारा भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें कविगण अपनी रचनाओं के माध्यम से गौ-महिमा, भक्ति और भारतीय संस्कृति का गुणगान करेंगे। भक्ति और साहित्य के इस पावन समागम में कवि सम्मेलन के जरिए धर्म और संस्कृति का अनूठा रस देखने को मिलेगा।
इस पावन अनुष्ठान का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज के कर-कमलों द्वारा होगा। समारोह की अध्यक्षता अनुमंडलाधिकारी प्रिया रानी करेंगी। गौ-सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा, विधायक आलोक कुमार सिंह, स्नेहलता कुशवाहा, मुरारी प्रसाद गौतम, वशिष्ठ सिंह सहित विधान परिषद के सदस्य व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। साथ ही, विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद, मेयर काजल कुमारी, उपमेयर सत्यवंती देवी और समाज के कई प्रबुद्ध जन इस धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।