डीएम अमृषा बैंस और एसपी किरण कुमार गोरख जाधव ने किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत हुई शुरुआत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। कामकाजी महिलाओं को अपने छोटे बच्चों की देखभाल की चिंता से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत पुलिस केंद्र, अरवल में नवनिर्मित पालना घर की शुरुआत की गई है। जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस और पुलिस अधीक्षक किरण कुमार गोरख जाधव ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से महिला पुलिसकर्मियों सहित अन्य कामकाजी महिलाओं को अपने बच्चों की सुरक्षित देखभाल को लेकर काफी सहूलियत मिलेगी।
पालना घर का संचालन जिला प्रोग्राम कार्यालय, अरवल द्वारा किया जाएगा। इसकी व्यवस्था जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) माला कुमारी के पर्यवेक्षण में संचालित होगी। यहां छोटे बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जहां उनकी समुचित देखभाल की व्यवस्था रहेगी। इससे कामकाजी महिलाएं अपने कार्यस्थल पर निश्चिंत होकर जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगी।
उल्लेखनीय है कि जिला समाहरणालय परिसर, अरवल में पहले से ही एक पालना घर सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। अब पुलिस केंद्र में भी इस सुविधा की शुरुआत होने से विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों को राहत मिलेगी। ड्यूटी के दौरान छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर होने वाली उनकी परेशानियां कम होंगी।
जिला प्रशासन की यह पहल महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और कामकाजी माताओं को सहयोग देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे महिलाओं को पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने कार्यक्षेत्र में भी बेहतर ढंग से काम करने का अवसर मिलेगा।