ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, पटना से कटिहार जा रहे थे तीनों सवार, घायलों को पटना किया गया रेफर
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर बुधवार की मध्यरात्रि शिवनार-बरहपुर के समीप भीषण सड़क हादसे में डेहरी ऑन सोन निवासी मनीकांत कुमार (41 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बिहारी बिगहा टोल प्लाजा से करीब चार-पांच किलोमीटर आगे हुआ। यहां एक मारुति सेलेरियो कार ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से हादसे की चपेट में आ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन लोग पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से टूर एंड ट्रैवल्स के माध्यम से मारुति सेलेरियो कार बुक कर कटिहार जा रहे थे। इसी दौरान शिवनार-बरहपुर के समीप कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में डेहरी ऑन सोन निवासी मनीकांत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पटना के गायघाट निवासी अनूप कुमार (25 वर्ष) और डेहरी ऑन सोन निवासी अभिषेक सहाय (41 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि दुर्घटना के समय कार अनूप कुमार चला रहे थे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के पीछे घना कुहासा भी एक वजह हो सकता है। गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे तक मोकामा इलाके में घना कुहासा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई थी।
इस संबंध में मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मृतक के शव का अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।