नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण स्कूल ऑफ लॉ के ‘प्रो-बोनो क्लब’ द्वारा डेहरी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, सुअरा में एक दिवसीय ‘बाल अधिकार एवं जागरूकता कार्यक्रम’ का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा तथा उनसे जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रो-बोनो क्लब के सदस्यों एवं विधि के विद्यार्थियों ने बच्चों को सरल भाषा में उनके संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों तथा सुरक्षित परिवेश के महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
यह कार्यक्रम नारायण स्कूल ऑफ लॉ के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सैयद कलीम अख्तर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राजकीय मध्य विद्यालय सुअरा के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रो-बोनो क्लब के सदस्यों ने समाज के वंचित एवं युवा वर्ग तक विधिक जानकारी पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।