नहर सड़क से रोज गुजरते हैं हजारों वाहन, ग्रामीणों ने सुरक्षा दीवार निर्माण की उठाई मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। सदर प्रखंड के उमैराबाद स्थित नहर पुल के पास औरंगाबाद की ओर जाने वाली नहर सड़क पर सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वॉल) नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सड़क के दोनों ओर गहरी नहर और उसमें पानी भरा रहने के कारण वाहन चालकों एवं राहगीरों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। साथ ही साइकिल सवारों और पैदल ग्रामीणों का भी लगातार आवागमन होता है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से अरवल के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चे भी रोजाना आते-जाते हैं। सड़क के दोनों ओर सुरक्षा दीवार नहीं होने से थोड़ी सी असावधानी या वाहन का संतुलन बिगड़ने पर गंभीर दुर्घटना हो सकती है। नहर में पानी भरा रहने के कारण हादसे की स्थिति में जान-माल का नुकसान होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि पटना की ओर जाने वाली नहर सड़क के दोनों तरफ सेफ्टी वॉल का निर्माण कराया गया है, लेकिन औरंगाबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर अब तक इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। इससे इस सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों में भय बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से उमैराबाद नहर पुल के पास सड़क के दोनों तरफ जल्द से जल्द सेफ्टी वॉल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा किसी बड़े हादसे से बचाव किया जा सके।