बेताब अहमद
पटना/वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें नीतीश सेतु और औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं। कार्यक्रम से पहले नीतीश सेतु की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। पुल पर बसों और अन्य वाहनों के कारण करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।
कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच गंगा पर बने सिक्स लेन पुल का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस पुल के शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच आवाजाही सुगम होगी ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण और जनसभा को लेकर वैशाली के जाफरपट्टी पंचायत में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। दोपहर में पीएम मोदी के पहुंचने से पहले विशाल सभा स्थल और भव्य मंच तैयार कर लिया गया है, जबकि दूर बैठे लोगों की सुविधा के लिए 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
शहरी जीवन को अधिक सुगम और स्वच्छ बनाने की दिशा में आज बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26,900 से अधिक शहरी परिवारों को पक्के मकान का लाभ देंगे और स्वच्छ परिवहन के लिए 100 पीएम ई-बसों की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास होगा। वैशाली के राजापाकर से पटना के रामचक बैरिया में करीब 514 करोड़ रुपये की लागत वाले एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का शिलान्यास होगा, जिसे पीपीपी मॉडल पर 30 महीने में तैयार किया जाएगा और एजेंसी 20 वर्षों तक इसका संचालन करेगी। निवेश में 126 करोड़ रुपये सरकार और 388 करोड़ रुपये मगध रिसोर्स रिकवरी सस्टेनेबल सॉल्यूशंस लिमिटेड के होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली आगमन के मद्देनजर सुरक्षा और सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन, महात्मा गांधी सेतु और सीमावर्ती मार्गों पर रात 8 बजे तक ट्रकों तथा व्यावसायिक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। समस्तीपुर से पटना जाने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए महुआ के स्थान पर मुजफ्फरपुर-फकुली मार्ग तय किया गया है, जबकि समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और सारण से जुड़े अन्य मार्गों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने नागरिकों और चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी मार्गों का पालन करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो घंटे से अधिक समय के वैशाली दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे पहले विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे और फिर हेलिकॉप्टर से रुस्तमपुर जाकर नीतीश सेतु का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से राजापाकर के जाफरपट्टी स्थित औद्योगिक पार्क पहुंचेंगे, जहां खुले वाहन में जनता का अभिवादन स्वीकार करने के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान नीतीश महासेतु, राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र, निफ्टेम और अंबिका पथ समेत कई परियोजनाओं की शुरुआत होगी। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, डीएम वर्षा सिंह और एसएसपी शुभांक मिश्रा समेत तमाम आला अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।