पुनपुन बाजार से प्रखंड कार्यालय तक रैली निकाल नशामुक्त समाज का दिया संदेश, पुलिस का भी मिला सहयोग
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। 29 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में एसएमडी कॉलेज, पुनपुन की एनसीसी इकाई ने सोमवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत रैली निकाली। इसमें 118 एनसीसी कैडेट शामिल हुए। रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
रैली का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मधुरेंद्र के मार्गदर्शन में किया गया। इसका नेतृत्व एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मुकेश कुमार ने किया। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर पुनपुन नदी किनारे के रास्ते, पुनपुन बाजार होते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंची। इस दौरान कैडेट नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक करते रहे। बाद में रैली वापस महाविद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
अभियान के दौरान कैडेटों ने आम लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। युवाओं को नशे से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सामूहिक प्रयास करना समय की आवश्यकता है।
इस अभियान में पुनपुन थाना का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मुकेश कुमार, सीएचएम दीप रंजन कुमार, उपेंद्र राजभर सहित कुल 118 एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करना होगा। इसी उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई।