पंचायत और नगर निकायों में 20 प्रतिशत आरक्षण बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की मांग को लेकर राज्यव्यापी जनजागरण अभियान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। पंचायत और नगर निकायों में अतिपिछड़ा वर्ग के आरक्षण का दायरा बढ़ाने की मांग को लेकर अतिपिछड़ा आरक्षण बचाओ संघर्ष मोर्चा, बिहार की ओर से निकाला गया कर्पूरी रथ सोमवार को जहानाबाद पहुंचा। यहां मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रथ का स्वागत करते हुए हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव के लिए रवाना किया। इस दौरान अतिपिछड़ा समाज के अधिकारों और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया।
मोर्चा की ओर से निकाला गया कर्पूरी रथ बिहार के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर अतिपिछड़ा समाज के लोगों को जागरूक करेगा। जहानाबाद पहुंचने के बाद रथ मगध क्षेत्र की ओर रवाना हुआ, जहां विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद रथ पटना पहुंचेगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायत और नगर निकायों में अतिपिछड़ा वर्ग को मिल रहे 20 प्रतिशत आरक्षण को बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की मांग उठाना है। मोर्चा का कहना है कि अतिपिछड़ा समाज को उसकी आबादी और सामाजिक स्थिति के अनुरूप अधिकार एवं प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
कर्पूरी रथ के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट करने, संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आरक्षण की मांग को लेकर व्यापक जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। जहानाबाद में रथ के स्वागत एवं रवाना करने के दौरान मोर्चा के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।