झारखंड में पहली बार धनबाद में शुरू हुई आधुनिक सुविधा, पुलिस के महत्वपूर्ण दस्तावेज व्यवस्थित और सुरक्षित रखे जाएंगे
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा बुधवार को धनबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय परिसर स्थित आधुनिक रिकॉर्ड रूम का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इससे पूर्व जिला पुलिस बल की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।उद्घाटन समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. याकूब मोहम्मद सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड रूम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मामलों की जांच और निष्पादन से लेकर पुलिस विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां एवं दस्तावेज यहां सुरक्षित रखे जाते हैं। ऐसे में रिकॉर्ड रूम का व्यवस्थित और आधुनिक होना आवश्यक है।

आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि एसएसपी प्रभात कुमार के प्रयास से रिकॉर्ड रूम को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इसका उद्देश्य पुलिस विभाग के जरूरी दस्तावेजों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय पर उपलब्ध कराना है।
आईजी ने बताया कि फिलहाल पूरे झारखंड में इस तरह की आधुनिक सुविधा धनबाद में उपलब्ध कराई गई है। आने वाले दिनों में धनबाद में बेहतर पुलिसिंग के साथ-साथ पुलिस विभाग के कार्यालयों में भी कई नए बदलाव देखने को मिलेंगे। आधुनिक रिकॉर्ड रूम से पुलिस के कामकाज में पारदर्शिता, दस्तावेजों के रखरखाव और कार्य निष्पादन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।