मध्य विद्यालय बलिदाद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बाल विवाह के खिलाफ दिलाया गया संकल्प
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मध्य विद्यालय बलिदाद में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और बालिका शिक्षा के महत्व को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय एवं स्वयंसेवी संस्था विकास पथ, विक्रम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस के निर्देश तथा जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले नुकसान, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि बाल विवाह बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को प्रभावित करता है। कम उम्र में विवाह होने से उनकी शिक्षा बाधित होती है तथा भविष्य की संभावनाएं सीमित हो जाती हैं। बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ संकल्प दिलाया गया। साथ ही बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार दिलाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बेटियां परिवार और समाज की शक्ति हैं तथा शिक्षा और सम्मान उनका अधिकार है।