डायमंड्स प्रो फर्म में छापेमारी, 10 भरे और 13 खाली सिलेंडर बरामद, संचालक के खिलाफ प्राथमिकी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण और अनधिकृत इस्तेमाल का मामला सामने आया है। अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की टीम ने नगर परिषद मसौढ़ी के वार्ड संख्या-6 स्थित पटेल नगर में छापेमारी कर 23 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। इनमें 10 भरे और 13 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा भारत गैस कंपनी का एक इस्तेमाल किया हुआ घरेलू सिलेंडर भी परिसर में पाया गया।
यह कार्रवाई पटेल नगर स्थित बाल विद्या निकेतन के समीप डायमंड्स प्रो फर्म में की गई। छापेमारी के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार भारती ने फर्म के संचालक मोहम्मद सागीर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी से प्राप्त निर्देश के आलोक में फर्म पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान परिसर में विभिन्न कंपनियों के 23 व्यावसायिक सिलेंडर मिले। पूछताछ में फर्म के प्रोपराइटर मोहम्मद सागीर, निवासी वार्ड संख्या-12, पुरानी बाजार, मसौढ़ी ने बताया कि व्यावसायिक सिलेंडर बासमती भारत गैस एजेंसी, नदौल तथा इंडेन गैस एजेंसी, मसौढ़ी से आते हैं।
हालांकि, सिलेंडरों के गैस कनेक्शन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे जाने पर संचालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में एलपीजी गैस का अवैध भंडारण और अनधिकृत उपयोग किए जाने की बात सामने आई। इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा एलपीजी रेगुलेशन, सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर, 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मसौढ़ी क्षेत्र में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण और कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। वहीं, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।