नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। सुशासन दिवस के अवसर पर राज्य में हुए बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी कार्यों की झलक पटना में देखने को मिली। सुशासन दिवस के मौके पर पटना के जदयू प्रदेश कार्यालय में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने रेत के जरिए ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’ का संदेश दिया। करीब 30 टन बालू और 12 घंटे के श्रम से बनी 10 फीट ऊंची व 20 फीट लंबी इस कलाकृति में 20 वर्षों की विकास योजनाओं को चित्रों के माध्यम से पिरोया गया। सुशासन दिवस पर बनी इस रेत की आकृति में रंग-बिरंगे बिहार के नक्शे के भीतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, साइकिल और नल-जल योजना जैसी तस्वीरों को उकेरा गया है।
कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार, संजय कुमार झा और निशांत कुमार ने कलाकृति को देखा और कलाकार की प्रशंसा की। कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा द्वारा कलाकृति की बारीकियों की ओर ध्यान दिलाने पर नीतीश कुमार ने इसमें उकेरी गई जनकल्याणकारी योजनाओं के चित्रण को देखा। उन्होंने युवा कलाकार मधुरेंद्र कुमार की कला और परिश्रम की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई और आगे भी इसी तरह रचनात्मक कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।
एक कलाकार के लिए सबसे बड़ा पल तब होता है, जब उसकी कला को सराहा जाए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने खुद इस कलाकृति को देखा। नीतीश कुमार ने न केवल उनकी कला की तारीफ की, बल्कि पीठ थपथपाकर आगे भी इसी तरह काम करते रहने के लिए बधाई दी। इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने भी कलाकृति में उकेरी गई बारीकियों और योजनाओं की ओर उनका ध्यान दिलाया।