जैप-1 में चार दिवसीय आयोजन शुरू, विजेता टीम को अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में मिलेगा भाग लेने का अवसर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। रांची स्थित जैप-1 परिसर में 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ हो गया। चार दिवसीय इस आयोजन में राज्य की आठ पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। विभिन्न 13 स्पर्धाओं में 115 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा और अनुसंधान कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इसमें पुलिस का श्वान दस्ता भी शामिल है। झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने पुलिस ड्यूटी मीट के उद्घाटन की घोषणा की। इस अवसर पर उन्हें मार्च पास्ट की सलामी दी गई।
झारखंड अपराध अनुसंधान विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस अनुसंधान की आधुनिक तकनीकों और कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना है। तकनीकी विकास के साथ अपराध के तौर-तरीकों में तेजी से बदलाव हो रहा है। साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं और अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों को देखते हुए इस आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अनुसंधान की नवीन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को अपराध अनुसंधान में दक्षता बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि झारखंड पुलिस लगातार बेहतर कार्य करते हुए आगे बढ़ रही है। साइबर अपराध से लेकर अपराध के नए तरीकों को अपनाने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में दक्षता हासिल करने पर जोर दिया। ड्यूटी मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीम को अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।