ग्राहक बनकर ईओयू ने बिछाया जाल, दो सगे भाई पहले भी ठगी के मामले में जा चुके हैं जेल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। कम समय में रकम तीन गुना करने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) और स्थानीय पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पंचमहला थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में गिरोह का नेटवर्क बिहार के अलावा अन्य राज्यों तक फैला होने के संकेत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरा गांव निवासी दो सगे भाइयों रवींद्र कुमार और विश्वजीत कुमार तथा घोसवरी थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी निवास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने पहले निवास कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर डुमरा गांव में छापेमारी कर दोनों भाइयों को नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया।
पंचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार, गिरफ्तार दोनों भाई पूर्व में भी ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं। गिरोह के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष रणनीति तैयार की थी। पुलिसकर्मियों ने ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया और उनके ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में गिरोह की ठगी का तरीका भी सामने आया है। गिरोह के सदस्य लोगों को उनकी रकम कम समय में तीन गुना करने का झांसा देकर सुनसान स्थानों या डुमरा गांव बुलाते थे। इसके बाद अलग-अलग तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।
पहले तरीके में पीड़ित से नकदी लेने के बाद आरोपी अचानक पुलिस छापेमारी या पकड़े जाने का भय दिखाते थे। डर का माहौल बनाकर पीड़ित को मौके से भगा दिया जाता था और उसकी रकम लेकर आरोपी फरार हो जाते थे।
दूसरे तरीके में पीड़ित को रकम तीन गुना करने का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीतते थे। जैसे ही वह वहां से निकलता, गिरोह के अन्य सदस्य रास्ते में नकली पुलिस बनकर उसे घेर लेते थे। फिर उसकी पूरी रकम लूटकर फरार हो जाते थे।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और 20 लाख रुपये नकद बरामदगी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही अंतरराज्यीय नेटवर्क, ठगी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।