अनुग्रह इंटर विद्यालय से समाहरणालय तक निकली रैली, टाउन हॉल में अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ली शपथ
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास निगम, औरंगाबाद के तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया गया।
रैली अनुग्रह इंटर विद्यालय से प्रारंभ होकर समाहरणालय परिसर तक पहुंची। इसमें जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
रैली के बाद टाउन हॉल में बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण को लेकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) विनीता कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, छात्र-छात्राएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां तथा दीव ज्योति कल्याण संस्थान के कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में बाधक है। इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित होता है। इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल विवाह की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें और इसके उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत रथ को उप विकास आयुक्त, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला शिक्षा पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जीविका डीपीएम तथा जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर बाल विवाह के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएगा।
अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का अधिकार है। बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण परिवार, समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाल विवाह मुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।