जमुहार में ‘मेटा 4.0’ की धूम: खेल के मैदान में मेजबान का दबदबा, सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक महोत्सव ‘मेटा 4.0’ अपने सफल समापन और निर्णायक दौर की ओर अग्रसर है। छात्रों के शारीरिक, मानसिक और सांस्कृतिक विकास के उद्देश्य से आयोजित इस अंतर-महाविद्यालयी महोत्सव में राज्य के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों की सहभागिता विश्वविद्यालय की समावेशी और प्रगतिशील सोच को दर्शाती है।
संस्थान के खेल समन्वयक डॉ. राजीव रंजन ने जानकारी दी कि इस आयोजन में मेजबान नारायण मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया है। संस्थान की टीमों ने क्रिकेट (इंटर्न वर्ग), वॉलीबॉल और फुटबॉल के फाइनल में प्रवेश कर महाविद्यालय का मान बढ़ाया है। क्रिकेट फाइनल में संस्थान का मुकाबला कटिहार मेडिकल कॉलेज से होगा, वहीं फुटबॉल के खिताबी मुकाबले में मधुबनी एवं कटिहार के बीच होने वाले सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ंत होगी। बास्केटबॉल स्पर्धा में नेताजी सुभाषचंद्र मेडिकल कॉलेज, बिहटा की टीम फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां दूसरे स्थान के लिए नारायण मेडिकल कॉलेज और कटिहार मेडिकल कॉलेज के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

खेलों के साथ-साथ छात्रों की रचनात्मकता को मंच देने के लिए सांस्कृतिक संध्याओं का भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। अब तक मेराज बैंड एवं सुप्रसिद्ध गायक जावेद अली की टीम की प्रस्तुतियों ने परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है। इसी क्रम में आज रात्रि नृत्य-संगीत और कल महोत्सव की अंतिम संध्या पर सूफी संगीत का आयोजन रखा गया है, जो इस यादगार आयोजन को पूर्णता प्रदान करेगा।

प्रतियोगियों ने कहा कि जमुहार के नारायण मेडिकल कॉलेज में चल रहे मेटा 4.0 में राज्यभर से जुटे भावी डॉक्टरों के लिए यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी भाईचारा बढ़ाने का बड़ा मंच बन गया है। दिनभर मैदान पर पसीना बहाने के बाद शाम को मेराज बैंड और जावेद अली की धुनों पर थिरकते छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मैदान के बाहर मेराज बैंड और जावेद अली की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया है। आज नृत्य-संगीत की शाम सजेगी और कल सूफी संगीत के साथ महोत्सव का समापन होगा।