नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। फेसर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये लूट लिये। घटना बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच की है। गोली लगने से पिरौटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार कुरम्हा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी संचालित करते हैं। गुरुवार की सुबह वह अपने घर से बाइक से सीएसपी खोलने के लिए कुरम्हा जा रहे थे। इसी दौरान बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी। बताया जाता है कि दो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए रुपये छीनने का प्रयास किया। इसी बीच एक अन्य अपराधी भी मौके पर पहुंच गया।
अपराधियों ने सीएसपी संचालक के पास रखे रुपये लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक अपराधी ने प्रदीप कुमार की जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधियों ने उनके पास रखे करीब तीन लाख रुपये लूट लिये और बाइक से फरार हो गये। पैक्स अध्यक्ष राजू यादव के अनुसार, अपराधी सीएसपी संचालक का लैपटॉप और अन्य सामान भी अपने साथ ले गये हैं।
गोली लगने के बाद प्रदीप कुमार ने किसी तरह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। अपराधियों के भागने की दिशा और उनके हुलिये के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।
वहीं, पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर गोलीबारी की घटना का गहन निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने घटनास्थल पर मौजूद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कांड का त्वरित उद्भेदन करने तथा घटना में शामिल अपराधकर्मियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
फेसर थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि गोली लगने से घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े हुई लूट और गोलीबारी की घटना से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।