मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो दिनों तक होंगे रोमांचक मुकाबले, एकल, युगल और महिला वर्ग में खिलाड़ी आजमाएंगे हुनर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और कैरम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 16वीं जिला कैरम प्रतियोगिता का शनिवार को शानदार आगाज हुआ। बिरसा मुंडा स्टेडियम स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में धनबाद जिला कैरम संघ की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।प्रतियोगिता में बीसीसीएल, सिंफर, कार्मेल स्कूल समेत विभिन्न संस्थानों के कुल 40 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों को आठ अलग-अलग टीमों में बांटा गया है। प्रतियोगिता के दौरान एकल, युगल और महिला वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
खास बात यह है कि सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय बोर्ड और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरणों के साथ खेले जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिलेगा और उनके कौशल को निखारने का अवसर प्राप्त होगा।

धनबाद जिला कैरम संघ के महासचिव जुबैर आलम ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले के कैरम खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और इस खेल को लोकप्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि दो दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की एकाग्रता, तकनीक और रणनीति की कड़ी परीक्षा होगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन से जिले में कैरम के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ेगी और नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।