नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। हिन्दी पत्रकारिता के गौरवपूर्ण 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आगामी 30 मई को नवबिहार टाइम्स (हिन्दी दैनिक) की ओर से हिन्दी पत्रकारिता दिवस 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
नवबिहार टाइम्स (हिन्दी दैनिक) की ओर से प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान पत्र के तहत उन पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने हिन्दी पत्रकारिता को मजबूती प्रदान करने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस संबंध में नवबिहार टाइम्स के सम्पादक कमल किशोर ने बताया कि यह सम्मान पत्र हिन्दी पत्रकारिता की 200 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को नमन करते हुए समर्पित किया जा रहा है। उनके अनुसार, “यह पहल पत्रकारिता के मूल्यों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी के पत्रकारों को प्रेरित करने के उद्देश्य से की जा रही है।”
उन्होंने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक सरोकारों को स्वर देने तथा आमजन की आवाज को बुलंद करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान करना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पत्रकारों, संवाददाताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। आयोजन को लेकर पत्रकारिता जगत में उत्साह का माहौल है।